जन कल्याण की योजनाओं से कोई भी वंचित नहीं रहेगा : शिवराज सिंह चौहान
जनकल्याण शिविरों में आए 88 हजार से अधिक आवेदन, 99.8 प्रतिशत का हुआ निराकरण : शिवराज सिंह चौहान
भेरूंदा/सीहोर। मध्यप्रदेश शासन द्वारा 12 जून से 16 जून 2026 तक आयोजित जनकल्याण शिविरों में सीहोर जिले के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। जिलेभर में आयोजित शिविरों में कुल 88 हजार 478 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 88 हजार 297 आवेदनों का निराकरण कर दिया गया। शेष 180 लंबित आवेदनों का निराकरण भी शीघ्र किए जाने की जानकारी प्रशासन द्वारा दी गई। भेरूंदा विकासखंड में आयोजित जनकल्याण शिविर में कुल 17 हजार 398 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 17 हजार 218 आवेदनों का निराकरण कर दिया गया। मात्र 180 आवेदन लंबित रहे हैं। इनमें सहकारिता विभाग के 179 किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से संबंधित आवेदन तथा राजस्व विभाग का एक खसरा-खतौनी की नकल प्रदान करने संबंधी आवेदन शामिल है।
भेरूंदा विकासखंड में सर्वाधिक 5 हजार 651 आवेदन प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण से संबंधित प्राप्त हुए
जनकल्याण शिविर को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैभवशाली, गौरवशाली, विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। आज दुनिया भारत के विकास की चर्चा कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्ष के कार्यकाल पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि सरकार जनकल्याण और गरीबों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे की जानकारी ली। संबंधित अधिकारी ने बताया कि सर्वे में लगभग 17 हजार नाम दर्ज किए गए थे, जिनमें से 8 हजार लोगों को अपात्र पाया गया। इस पर श्री चौहान ने मंच से ही निर्देश देते हुए कहा कि अभी किसी भी व्यक्ति को अंतिम रूप से अपात्र की श्रेणी में न रखा जाए तथा पुनः सर्वे कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों तथा विकासखंड में लखपति दीदी योजना की प्रगति की भी जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
चौहान ने कहा कि 1 जुलाई से "जी राम जी योजना" प्रारंभ होने जा रही है। इस योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश को नौ माह के लिए लगभग साढ़े सात लाख करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह राशि गांवों के विकास पर खर्च होगी तथा गांव में विकास कार्यों की प्राथमिकता स्वयं गांव के लोग तय करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगले पांच वर्षों में गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। जिले में प्राप्त आवेदनों के अनुसार आष्टा ब्लॉक में 21,931, सीहोर ब्लॉक में 19,111, भेरूंदा ब्लॉक में 17,398, इछावर ब्लॉक में 10,083 तथा बुधनी ब्लॉक में 6,295 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं नगरीय निकायों में सीहोर नगर पालिका में 3,252, आष्टा में 2,844, कोठरी में 2,033, रेहटी में 1,101, बुधनी में 1,064, जावर में 932, भेरूंदा में 827, इछावर में 782 तथा शाहगंज में 565 आवेदन प्राप्त हुए। कार्यक्रम में विधायक रमाकांत भार्गव, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, आदिवासी वित्त विकास निगम की अध्यक्ष निर्मला बारेला, रवि मालवीय, नगर परिषद अध्यक्ष मारुति शिशिर, महेश उपाध्याय, लखन यादव , मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, पवन मीणा, बनवीर चंद्रवंशी, दुर्गेश सोनी, कपिल खंडेलवाल, अजय दुबे सहित जनपद पंचायत अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, किसान, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

राशिफल 26 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
राहुल गांधी का बड़ा बयान: 'कॉकरोच आंदोलन' के बाद छात्रों पर हिंसा को लेकर सरकार पर निशाना
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर शरद पवार का बड़ा दावा, बोले- 'PM से बातचीत के बाद बदला घटनाक्रम'
'फोन छूने पर बेरहमी से पीटते थे', नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों के साथ हुआ खौफनाक खेल