रेहटी। बिजली संकट से परेशान ग्राम जहाजपुरा के ग्रामीण भोपाल पहुंचकर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिले और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व ग्राम जहाजपुरा में बिजली सब स्टेशन का निर्माण किया गया था। उस समय आश्वासन दिया गया था कि सबसे पहले इसी सब स्टेशन से ग्राम जहाजपुरा को बिजली आपूर्ति की जाएगी। लेकिन वर्तमान में इस सब स्टेशन से अन्य गांवों को बिजली दी जा रही है, जबकि जहाजपुरा में दूर स्थित सब स्टेशन से आपूर्ति की जा रही है। इससे गांव में बार-बार बिजली गुल होने, कम वोल्टेज और अनियमित आपूर्ति जैसी समस्याएं बनी हुई हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जब सब स्टेशन उनके गांव में स्थापित है तो प्राथमिकता के आधार पर बिजली आपूर्ति भी उसी गांव को मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बेहद खराब है। कभी लंबे समय तक बिजली नहीं रहती तो कभी वोल्टेज इतना कम रहता है कि घरेलू उपकरण भी ठीक से नहीं चल पाते। शिकायत करने पर लाइनमैन भी समय पर उपलब्ध नहीं होते और समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता।

ग्रामीणों ने बताया कि पूरे क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती, कम वोल्टेज और खराब ट्रांसफार्मरों के कारण आमजन के साथ-साथ किसान भी परेशान हैं। इस दौरान किसानों ने सहकारी समिति से खाद नहीं मिलने की समस्या भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी। उनका कहना था कि नई सेवा सहकारी समिति तो बना दी गई है, लेकिन उसकी व्यवस्थाएं अब तक सुचारू रूप से शुरू नहीं हो सकी हैं, जिससे किसानों को खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

केंद्रीय मंत्री से मिलने वालों में मनीष गौर, सुमित गौर, प्रहलाद गौर, रामदास केवट, अभिषेक गौर, रामस्वरूप गौर, निलेश गौर, सतीश गौर, विद्यासागर गौर सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।